दिल्ली पुलिस ने AI समिट में प्रदर्शन करने वाले 3 कांग्रेसी पकड़े, हिमाचल पुलिस ने नाका लगाकर सोलन में छुड़ाए…

सोलन: हिमाचल प्रदेश पहुंचे दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को सोलन पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी. मामला तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते स्थिति ऐसी बन गई कि सोलन पुलिस ने दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को ही हिरासत में ले लिया. यह पूरा घटनाक्रम चंडीगढ़-कालका-शिमला हाईवे पर सामने आया और दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई. पूरा मामला दिल्ली में आयोजित एक AI समिट से जुड़ा है. इस समिट के दौरान तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन किया था. बताया जा रहा कि प्रदर्शन के बाद ये तीनों कार्यकर्ता शिमला जिले के रोहड़ू इलाके में चले गए और एक स्थानीय होटल में ठहरे हुए थे. दिल्ली पुलिस को इनकी लोकेशन का पता चला और एक टीम रोहड़ू पहुंची. वहां से तीनों को हिरासत में लेकर दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मामला उलझ गया. जैसे ही सोलन पुलिस को इस ऑपरेशन की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई की. धर्मपुर के पास चंडीगढ़-कालका-शिमला हाईवे पर बैरिकेडिंग कर नाकाबंदी कर दी गई. यहीं पर सोलन पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को रोक लिया. इतना ही नहीं, दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को हिरासत में ले लिया. इससे हालात तनावपूर्ण हो गए और दोनों राज्यों की पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई.

 हिरासत में लिए गए तीनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शिमला की जिला अदालत में पेश किया गया. उन्हें ACJM कोर्ट नंबर-2 में लाया गया. सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी अदालत में मौजूद थे. यह मामला अब सिर्फ कानून तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया. इस मामले में एक और ट्विस्ट तब आया, जब यह सामने आया कि आरोपियों में से एक जितेंद्र सिंह दिल्ली स्थित हिमाचल सदन में ठहरा हुआ था. दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उसे पकड़ने के लिए आधी रात को हिमाचल सदन में छापा मारा था. इस छापेमारी को लेकर पहले ही काफी विवाद हो चुका था. विपक्ष ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया, जबकि दिल्ली पुलिस इसे कानून के तहत की गई कार्रवाई कह रही है।

Kamlesh Bharadwaj

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *